इंटर स्टेट क्रिकेट चैंपियनशिप में खेले गए क्वार्टर फाइनल के मुकाबले
सीडीसीयू की ओर से आयोजित इंटर स्टेट क्रिकेट चैंपियनशिप में हरियाणा सिविल सर्विसेज और उत्तर प्रदेश कंबाइंड सर्विसेज ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल के मैच खेले गए। पहला मैच हिमाचल सिविल सर्विसेज और हरियाणा सेक्ट्रेट के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने विजय वीर सिंह के 53 और साहिल के 32 रन के योगदान पर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 181 बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी और 17 रनों से मैच हार गई। इस मैच में साहिल को मैन ऑफ द मैच और अजय को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मैच हिमाचल वेलफेयर और यूपी कंबाइंड सर्विसेज के बीच खेला गया।
हिमाचल वेलफेयर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 118 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए रविन्द्र ठाकुर ने 22 और अनीश शर्मा ने 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी कंबाइंड सर्विसेज सात विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए सुभान खान ने 34, बलविंद्र ने 51 और वरुण शर्मा ने 22 रन बनाए। इस मैच में रविन्द्र ठाकुर को फाइटर ऑफ द मैच और बलविंद्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया।