उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस को धोखा देने वाले विधायक बागी नहीं जयचंद हैं। जनता आस्तीन के इन सांपों को कभी माफ नहीं करेगी। चुनाव में इनकी जमानत तक जब्त हो जाएगी।
पूर्व सीएम गुरुवार को देहरादून से रुड़की जाते वक्त छुटमलपुर के घास मंडी तिराहे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और आम जन मानस का स्नेह उनके साथ है और इसकी ताकत के बूते वे हर मुश्किलों को पार करने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि उनके सभी विधायक एकजुटता के साथ उनके साथ खड़े हैं और आज भी बहुमत उनके साथ है। भाजपा ने उनकी सरकार को असंवैधानिक तरीके से गिराने का काम किया है। भाजपा दलित विरोधी है। उनकी यह मानसिकता जनता के सामने आ चुकी है। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर मुजतबा, मनोज चौधरी, हाफिज इसलाम, सरफराज मलिक, रिजवान मलिक, नौशाद, अरशद मलिक, सुबोध कुमार, अफजल, जीशान, संदीप चौधरी, चौधरी ओमपाल और अजमल आदि पूर्व सीएम का जोरदार स्वागत किया।