उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत यूपी सरकार पर हमलावर होते दिखे। बोले, यूपी में अगर कांग्रेस सरकार होती तो यह हालात नहीं होते।
जिस तरह से अहरो-शीशगढ़ रोड को सरकार ने नहीं बनाया, मजबूर होकर कांग्रेस विधायक के नेतृत्व में गांव वाले कारसेवा करके बना रहे हैं, यह बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की विकास में विफलता के कारण ही मौजूदा वक्त में समाजवादी पार्टी में संकट में रूप में उभरा है।
बिलासपुर क्षेत्र के अहरो-शीशगढ़ मार्ग पर पिछले 19 दिनों से चल रही कारसेवा में शामिल होने के लिए रविवार को रुद्रपुर से हेलीकाप्टर द्वारा पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बेल्चा से कोलतार मिली बजरी को सड़क पर डालकर कारसेवा करने वालों का हौसला बढ़ाया। इसी बीच उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश बिना कांग्रेस के बेहाल है।
इस बीच जितनी सरकारें आईं विकास किसी ने नहीं कराया। यूपी में सपा की सरकार है और नतीजा आप लोग देख ही रहे हैं, कांग्रेस विधायक को गांव वालों के सहयोग से कारसेवा करके सड़क बनानी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश विकास में कितना पिछड़ गया है। कभी देश का सबसे विकसित सूबा था यह।
यूपी में अगर कांग्रेस सरकार होती तो आज ऐसे हालात नहीं होते। उन्होंने कांग्रेस विधायक संजय कपूर और ग्रामीणों को इतनी लंबी सड़क खुद कारसेवा कर बनाने पर हौसलाअफजाई की।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विधायक संजय कपूर, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्ररहमान खां बब्लू, उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जसवंत सिंह जस्सा, अरशद खां गुड्डू, सचिन टंडन, रवि टंडन, राजेंद्र मिंटू, महेंद्रपाल यदुवंशी, डा. अली खां, साहब अली खां, इंदर सिंह मेहरा,अजमेर सिंह, हरदेव सिंह, सचिन त्रिवेदी, जितेंद्र मिश्रा, धर्मेंद्र गुप्ता, देवेंद्र गंगवार, मोहम्द रियाज, उमर अल्वी, देवीदास गंगवार, नृपदीप सिंह, जगजीत अवस्थी, जसवंत सिंह आदि मौजूद रहे।