स्टिंग प्रकरण में अब कांग्रेस भी भाजपा पर हमलावर हो गई है। मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि जिस तरह से भाजपा अशोक पांडे के पक्ष में धरना-प्रदर्शन पर उतर आई है उससे साबित हो रहा है कि वह इस कथित सीडी की मास्टर माइंड है।
पांडे को बताया भाजपा का मोहरा
मंगलवार को एमडीडीए ने पत्रकार अशोक पांडे के भवन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसे भाजपा ने बदले की कार्रवाई बताया और खुलकर मैदान में उतर आई। देर शाम, मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र अग्रवाल ने मोर्चा संभाला।
प्रेस को जारी बयान में सुरेंद्र अग्रवाल ने ध्वस्तीकरण को एमडीडीए और बिल्डर के बीच का मामला बताया। अग्रवाल ने कहा कि पांडे भाजपा का मोहरा बन गए हैं। अगर वह जान को खतरा बता रहे हैं तो सरकार उन्हें आश्वस्त करती है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा का दायित्व सरकार का है और सरकार इसको लेकर संवेदनशील है।
कहा, भाजपा का दांव पड़ गया उलटा
अग्रवाल के मुताबिक कथित सीडी प्रकरण में भाजपा का दांव उलटा पड़ गया है। जिस आबकारी नीति में भ्रष्टाचार की बात भाजपा कर रही है, उसमें सरकार ने पारदर्शिता बरती है।
आबकारी नीति में स्पष्ट रूप से प्रावधान किया गया है कि शराब का कारोबार निजी हाथों से निकलकर सरकारी एजेंसियों के पास आ जाए। यह साबित हो जाने पर अब भाजपा नेताओं को सरकार से और प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। अग्रवाल ने भाजपा पर शराब कारोबारियों का मोह न छोड़ पाने का आरोप भी जड़ा।