विधानसभा में विनियोग विधेयक लाने से बचने के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक अंतिम प्रयास करने की तैयारी की है। इसके तहत वे शुक्रवार को दिल्ली में वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिलेंगे। उनसे बजट को लेकर गुहार लगाई जाएगी। इस कवायद के लिए उत्तराखंड के तमाम बड़े अधिकारियों को सुबह-सुबह दिल्ली पहुंचने का फरमान सुनाया गया है।
खबर यह भी है कि विनियोग विधेयक को विधानसभा में लाने पर प्रश्नचिन्ह लगने के चलते यह फार्मूला आजमाया जा रहा है।
हाल की कैबिनेट बैठक में यह तय किया गया था कि 40422 करोड़ रुपए का बजट विधानसभा से पास कराया जाएगा। इसकी तैयारियां भी तेजी से शुरू हो गई थीं। मगर कहानी तब फंस गई जब विधानसभा में बजट पेश करने को लेकर ही सवाल खड़े हो गए।
दरअसल सियासी संकट के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने लिखित रूप से यह बात भी कही है कि राज्य सरकार का बजट पास है।