भाजपा द्वारा सरकार पर लगाए गए अवैध खनन के आरोप पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में बीसी खंडूड़ी सरकार के समय की खनन नीति लागू है। उसमें स्पष्ट है कि निजी भूमि स्वामियों को पट्टे दिए जाने में प्राथमिकता मिलेगी। ऐसे में भाजपा कौन से सवाल खड़े कर रही हैं, यदि नीति गलत है तो भाजपा की सरकार ने ही बनाई है।
यदि नीति से बाहर कुछ हुआ तो भाजपा लिखित में शिकायत करे, कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मामले में राजनीति कर रही है। तथ्यहीन राजनीति से प्रदेश का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शराब नीति भी भाजपा ने ही बनाई थी, जिससे प्रदेश के खजाने को कम और पोंटी चड्ढा को ज्यादा फायदा हुआ।
अब भाजपा कह रही है कि कांग्रेस ने गोलमाल कर लिया। बता दें कि बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सरकार ने नदियों में बह गई कृषि पर खनन पट्टे नियमों को ताक पर रखकर माफिया को दे दिए हैं।