बाबा रामदेव की पतंजलि योगपीठ के डेयरी कारोबार की कमान संभालने वाले सुनील बंसल (57) का राजस्थान जयपुर में निधन हो गया। सुनील बंसल कोविड पॉजिटिव थे। सुनील बंसल का हरिद्वार पतंजलि की आयुर्वेदिक इकाई में कोई हस्तक्षेप नहीं था। बंसल गुड़गांव कार्यालय से ही पतंजलि के दूध, दही, मक्खन और घी जैसे डेयरी उत्पादों का बाजार संभाल रहे थे।
पतंजलि योग पीठ के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव तिजारावाला के मुताबिक, सुनील बंसल दिल्ली में रहते थे। उनकी पत्नी राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य महकमे में जयपुर में स्वास्थ्य अधिकारी हैं। 26 अप्रैल को सुनील बंसल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनकी पत्नी की देखरेख में ही जयपुर में उनका इलाज चल रहा था। 19 मई को अस्पताल में इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया था। उनकी मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें... कोरोना: योगगुरु रामदेव के डेयरी कारोबार के सीईओ सुनील बंसल का निधन, अस्पताल में थे भर्ती
पतंजलि योग पीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि सुनील बंसल पतंजलि के डेयरी उत्पादों का बाजार बाहर से ही देखते थे। कोविड पॉजिटिव आने के बाद जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हुआ है। उन्होंने कहा कि बसंल का पतंजलि में हरिद्वार की आयुर्वेदिक इकाई में कोई हस्तक्षेप नहीं था।
2018 में संभाला था पतंजलि आयुर्वेद का डेयरी कारोबार
बता दें कि सुनील बंसल ने 2018 में पतंजलि आयुर्वेद के डेयरी कारोबार का कार्यभार संभाला था। यह वह समय था जब पतंजलि कंपनी ने डेयरी प्रोडक्ट में कदम रखा था। कंपनी ने दूध, दही, छाछ और पनीर समेत अन्य उत्पादों को बेचने की अपनी योजना की घोषणा की थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुनील बंसल ने संस्था को डेयर प्रोडक्ट तैयार करने की सलाह दी थी, जिसके बाद पतंजलि ने इसे लॉन्च करने का फैसला किया था।