शहर कोतवाल रितेश शाह और सीआईयू प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह बिष्ट की अगुवाई में टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश में लगाई गई। टीमों ने हरिद्वार से लेकर यूपी, पंजाब, हरियाणा तक करीब एक हजार से अधिक सीसीटीवी खंगाले। मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से खोजबीन करते हुए बुधवार को पंजाब के फगवाड़ा से आरोपी मानव हंस निवासी हरगोविन्द नगर थाना सिटी फगवाड़ा कपूरथला पंजाब और गौरव कुमार निवासी बीडीओ बहराय नवांशहर पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार दोनों शूटर नंदू उर्फ कपिल सागवान गैंग से जुड़े हैं। नंदू उर्फ कपिल वर्तमान में लंदन में है। नंदू और मंजीत महल गैंग में टकराव है। मंजीत महल ने वर्ष 2016 में नंदू के जीजा डाॅक्टर उर्फ सुनील की हत्या कर दी थी। तब से दोनों गैंगों के बीच गैंगवार चली आ रही है। मंजीत महल गैंग का सदस्य गौरव उर्फ लक्की वर्तमान में झज्जर हरियाणा जेल में बंद है। होटल संचालक अरुण गौरव के मामा का पुत्र है। अरुण उर्फ सुक्खा इस केस में गौरव की कोर्ट में पैरवी कर रहा है। इसी रंजिश के चलते नंदू ने विदेश से अरुण की सुपारी अपने गैंग के सदस्य हिमांशु सूद को दी थी।