इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि मृतक की पहचान मोहित (25) पुत्र कैलाश कासनिया निवासी मेड़ता रोड नागौर राजस्थान के रूप में हुई। मृतक पंजाब के बठिंडा में अवर अभियंता के पद पर तैनात था। बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे ही होटल में कमरा किराये पर लिया था। मौके पर एफएसएल की टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच की जा रही है। परिजनों को जानकारी दे दी गई है।
पिता प्रधानाचार्य और भाई कर रहा डॉक्टरी की पढ़ाई
पुलिस के मुताबिक मोहित के पिता कैलाश कासनिया राजस्थान में सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं, जबकि छोटा भाई एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। मोहित सीपीडब्ल्यूडी में जेई के पद तैनात था। किस विभाग में जेई थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
पंजाब में दर्ज थी जेई की गुमशुदगी
पुलिस के अनुसार जेई मोहित 26 अगस्त को पंजाब से भी अचानक लापता हो गया था। अपना मोबाइल भी कमरे पर ही छोड़ दिया था। परिजनों ने बठिंडा के थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पंजाब पुलिस भी जेई की खोजबीन में जुटी हुई थी।