फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाकुंभ 2021: शाही अंदाज में निकली निरंजनी-आनंद अखाड़े की पेशवाई, हेलीकॉप्टर से हुई फूलों की बारिश

Wed, 03 Mar 2021 01:36 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार

सार

  • आसमान से फूलों की बारिश, ऊंट, हाथी, चांदी के सिंहासन और रथ मुख्य आकर्षण 
  • शोभायात्रा में देवभूमि की संस्कृति की झलक
विज्ञापन
पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी और आनंद अखाड़े की भव्य पेशवाई निकलने के साथ ही बुधवार को हरिद्वार महाकुंभ का विधिवत आगाज हो गया। इस दौरान पेशवाई के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर जनसैलाब उमड़ा पड़ा। दोनों अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वरों और संतों पर हेलीकॉप्टर और घरों की छतों से फूलों की बारिश हुई। दर्शकों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत कर संतों का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में शिव तांडव नृत्य, महिला बैंड, ऊंट, हाथी और शाही सिंहासन पर सवार संतों की झांकियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर में घूमने के बाद पेशवाई शाम छह बजे श्री निरंजनी अखाड़े की स्थायी छावनी पहुंची।

विज्ञापन


कुंभ मेला 2021: जूना, आह्वान और किन्नर अखाड़े के संतों ने किया नगर प्रवेश, हुआ भव्य स्वागत, तस्वीरें...  

एसएमजेएन पीजी कॉलेज से सुबह करीब सवा दस बजे पेशवाई का शुभारंभ हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अखाड़े के संतों के साथ पूजा-अर्चना की। इष्टदेव के पूजन के साथ बैंड बाजों की धुन, शिव तांडव नृत्य और डमरुओं की थाप से कॉलेज परिसर गूंज उठा। प्रसाद ग्रहण करने के बाद हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पेशवाई निकली। गोविंदपुरी कॉलोनी से मुख्य मार्ग पर चंद्राचार्य चौक तक लंबी पेशवाई में संतों की झांकियां शामिल थीं। सबसे आगे ऊंट, घोड़े और हाथी चल रहे थे। अलग-अलग 25 बैंड ने पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। श्री निरंजनी अखाड़े के आचार्य मंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि, आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि ने अपने-अपने अखाड़ों का नेतृत्व किया। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी रथ में सवार थीं।
विज्ञापन


पूर्व निर्धारित रूट पर पेशवाई के पहुंचने से पहले ही दर्शकों की भीड़ जमा हो गई। सड़क के दोनों तरफ, डिवाइडर और घरों की छतों पर हर उम्र लोग शोभायात्रा देखने उमड़े। दर्शकों की सड़क पर लंबी कतार लगी रही। शोभायात्रा पहुंचने पर किसी ने फूल बरसाए तो किसी ने संतों का आशीर्वाद लिया। हेलीकॉप्टर और ग्लाइडर से भी जगह-जगह फूलों की बारिश हुई। पूरे दिन शहर के निर्धारित रूट से होकर पेशवाई शाम करीब छह बजे श्री निरंजनी अखाड़े की छावनी में पहुंची। शोभायात्रा में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि, श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंडलेश्वर संतोषी माता, महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, महामंडलेश्वर विद्यानानंद गिरि, महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरि, मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी संजय गुुंज्याल, डीएम सी रविशंकर, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस आदि मौजूद थे।

स्वागत करने के साथ सेल्फी का क्रेज

शोभायात्रा देखने के लिए उमड़ी भीड़ में संतों के स्वागत करने के साथ ही सेल्फी का जबर्दस्त क्रेज दिखा। सेल्फी लेने के लिए दर्शक सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर और ऊंचे स्थानों पर चढ़कर शोभायात्रा का इंतजार कर रहे थे। शोभायात्रा बैंडबाजों के साथ धीमी गति से शहर में घूमी। जैसे ही यात्रा दर्शकों के पास से गुजरी तो उन्होंने फूल बरसाने के साथ ट्रैक्टर-ट्राली पर बने रथों में सवार संतों के साथ दूर से सेल्फी ली। कइयों ने सगे संबंधियों और रिश्तेदारों को सोशल मीडिया पर लाइव होकर शोभायात्रा की झलक दिखाई।

तोप से आर्टिफिशियल फूलों की बारिश
पेशवाई में स्प्रे कोल्ड फायर शो (तेज आवाज के साथ आर्टिफिशियल फूल फेंकने वाली तोप) दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। मुजफ्फरनगर से आई तोप पेशवाई के साथ चल रही थी। बीच-बीच में इससे तेज आवाज के साथ आर्टिफिशियल फूल छोड़ गए। तोप संचालक आरिफ ने बताया कि इसमें आर्टिफिशियल प्लास्टिक के फूल फोड़े जाते हैं।

नागा संन्यासियों को देखने की लालसा
पेशवाई में श्री निरंजनी अखाड़े के नागा संन्यासियों की टोली दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। नागा संन्यासियों के हर-हर महादेव के जयकारों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। हाथों में त्रिशूल-डमरू, गले में फूलों और रुद्राक्ष की मालाएं पहने नागा संन्यासियों की टोली पेशवाई में संतों के आगे चल रही थी। नागा संन्यासियों को देखने के लिए दर्शक उत्साहित दिखे।
विज्ञापन

लक्सर पहुंची रमता जमात, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की रमता जमात की शोभा यात्रा बुधवार को कस्बे में धूमधाम के साथ निकाली गई। रमता जमात को देखने के लिए कस्बे में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, रमता जमात की शोभायात्रा पर जगह-जगह हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए और ड्रोन से नजर रखी गई। 

रमता जमात गुजरात से चलकर मंगलवार देर शाम लक्सर कस्बे में पहुंची थी। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे रमता जमात की शोभायात्रा कस्बे से शुरू हुई। यहां से पीपली अखाड़ा निर्वाण सर के लिए निकली। लगभग तीन किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में अनेक झांकियां शामिल थीं। रमता जमात देर शाम पीपली अखाड़े में पहुंची। इस दौरान एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सीओ विवेक कुमार, कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान, एसएसआई नितेश शर्मा, गन्ना समिति सचिव गौतम सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी मोहम्मद गौहर हयात, शुगर मिल के कारखाना प्रबंधक अजय खंडेलवाल, गन्ना महाप्रबंधक पवन ढींगरा, रविंद्र चौधरी, विजेंद्र चौधरी, राजू चौधरी, वासु शर्मा, राहुल गर्ग, अभिनव शर्मा मौजूद रहे।

शोभायात्रा में शामिल रहे संत
श्रीमहंत महेश्वर दास, केवलानंद, दुर्गेश दास, मुरलीदास, बलवंतदास, ब्रह्ममुनि, निर्मलदास, प्रेमदास, निरंजनदास, जयेंद्र दास, दर्शनदास, दामोदरदास, रामशरणदास, तिलकदास, गौरी शंकरदास, महंतो दुर्गादास रघुमुनि आदि महंत मौजूद रहे।

रमता जमात के स्वागत में उमडे़ लोग 
पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन के रमता जमात का कई स्थानों पर स्वागत हुआ। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अमरीष गर्ग, जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र चौधरी, चेयरमैन राजेंद्र सिंह परमार, डॉ. अतेंद्र, सचिन चौधरी, कुलबीर चौधरी उर्फ बिट्टूू, सचिन, ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण चौधरी, अनिल चौधरी, जसवीर सिंह, देवेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी मोहम्मद गौहर हयात, विकास खटाना, राहुल गर्ग, हिमांशु गोयल, शिव कुमार गर्ग, आदित्य गर्ग, राकेश धीमान, अशोक एडवोकेट, गुलशेर, मास्टर कुशल पाल सैनी, राम सिंह वाल्मीकि व सचिन मित्तल आदि ने स्वागत किया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें