फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kumbh Mela 2021: हरकी पैड़ी के आसपास नहीं बनेंगे यात्री स्टैंड, वाहनों का रूट, किराया, कलर होगा निर्धारित

Tue, 29 Dec 2020 08:32 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
हरकी पैड़ी - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

आईजी कुंभ संजय गुंज्याल ने ऑटो रिक्शा, विक्रम और ई-रिक्शा संघ पदाधिकारियों के साथ आगामी कुंभ मेला की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। आईजी ने पदाधिकारियों के सुझाव सुनने के बाद कहा कि हरकी पैड़ी के आसपास कोर एरिया में कोई भी यात्री स्टैंड नहीं बनेगा। सवारी वाहनों के रूट, किराया और कलर निर्धारित किया जाएगा। बैटरी संचालित ई-रिक्शा के लिए चार्जर प्वाइंट लगाए जाएंगे। 

विज्ञापन


मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित बैठक में सुझाव सुनने के बाद आईजी ने कहा कि ऑटो रिक्शा, विक्रम और ई-रिक्शा चालक मेला आयोजन में महत्वपूर्ण स्टेक होल्डर हैं। उनकी मदद के बगैर यातायात व्यवस्थाएं संचालित करन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हरकी पैड़ी के आसपास कोर एरिया है। यहां श्रद्धालुओं की भीड़ की दृष्टि से यात्री स्टैंड बनाया जाना संभव नहीं है। कोर क्षेत्र को छोड़कर यात्री स्टैंड बनाने पर विचार हो सकता है। स्नान पर्वों को छोड़कर अन्य दिनों पर भीड़ कम रही तो अनावश्यक रूप से यातायात प्रतिबंध लागू नहीं होगा। 

आईजी ने कहा कि कुंभ के दौरान निर्धारित पार्किंग और रेलवे स्टेशन से निकटवर्ती घाट तक श्रद्धालुओं को लाने व वापस छोड़ने के लिए शटल बस सेवा के अतिरिक्त ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के संचालन की योजना पर विचार किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत हर पार्किंग और रेलवे स्टेशन से निकटवर्ती घाट तक का रूट तय करते हुए उस पर संचालित होने वाले वाहनों की संख्या और किराया निर्धारित किया जाएगा। हर रूट के लिए अलग-अलग कलर स्कीम लागू की जाएगी। मेले के दौरान शटल सेवा में लगाए जाने वाले ई-रिक्शा को चार्ज करने के लिए सभी निर्धारित पार्किंग में अस्थायी तौर से ई-रिक्शा के चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।
विज्ञापन


आईजी गुंज्याल ने कहा कि भीड़ को देखते हुए यातायात योजनाओं में समय-समय पर बदलाव किया जा सकता है। श्रद्धालुओं से निर्धारित से अधिक अधिक किराया वसूलने, ओवरलोडिंग करने और मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा। एसएसपी कुंभ जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि बाहरी वाहनों को पूर्ण प्रतिबंध नहीं किया जा सकता है, उनके सुव्यवस्थित संचालन के लिए कारगर व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा। 

पुलिस उपाधीक्षक यातायात प्रकाश देवली ने कहा कि मेले के दौरान कोई आकस्मिक परिस्थितियां होने पर किसी भी रूट पर यातायात बंद करना पड़ सकता है। ऐसी परिस्थिति में वाहन चालकों का सहयोग जरूरी होगा। यातायात योजना में बदलाव की सूचना समय से पहले वाहन चालकों को दी जाएगी। पंचपुरी आटो रिक्शा विक्रम महासंघ सत्य नारायण शर्मा ने कहा कि मेले के दौरान संघ के दो-दो पदाधिकारी यातायात की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर तैनात रहेंगे। मेला पुलिस और ऑटो, ई-रिक्शा, विक्रम चालकों के बीच समन्वय कर व्यवस्थाएं सुचारु कराएंगे।

अनिवार्य रूप से मास्क पहनेंगे चालक 

आईजी संजय गुंज्याल ने कहा कि कोरोनाकाल को देखते हुए हर वाहन चालक मास्क पहनना सुनिश्चित करेंगे। कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करेंगे और यात्रियों से भी कराएंगे। ऑटो रिक्शा, विक्रम एवं ई-रिक्शा चालकों को कोरोना से बचाव एवं सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस निर्देशों से संबंधित पोस्टर अपने वाहनों पर चस्पा करना होगा।

हरिद्वार शहर में यात्री स्टैंड कम हैं। स्नान पर्व पर यात्रियों को बैठाने-उतारने में दिक्कत होती है। ऑटो, विक्रम चालकों को जगह-जगह वाहन रोककर सवारी बैठाने और उतारने से यातायात बाधित होता है। शहरी क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में यात्री स्टैंड बनाए जाएं। 
- सत्यनारायण शर्मा, पंचपुरी आटो रिक्शा विक्रम महासंघ 

मेले के दौरान वाहनों चालकों के लिए पास सिस्टम लागू किया जाए, ताकि संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा सके। मेले के दौरान बाहर से आने वाले वाहनों के अनियंत्रित तरीके से संचालन पर भी रोक लग सके।
- अशोक कुमार अध्यक्ष ई-रिक्शा चालक एसोसिएशन
विज्ञापन

व्यापारी 14 जनवरी को महाकुंभ स्नान करेंगे 

प्रदेश व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा व्यापारी 14 जनवरी को हरकी पैड़ी पर महाकुंभ स्नान करेंगे। संजीव चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनवरी में महाकुंभ की अधिसूचना जारी करने की मांग की है। वहीं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और श्री गंगा सभा से व्यापारियों की मांग का समर्थन करने की अपील की है।

सुभाष घाट पर मंगलवार को प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक में प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि कहा की वर्ष 2020 कोरोना काल की भेंट चढ़ गया है। धर्मनगरी में व्यापारियों की दुकानें पूरे साल सूनी पड़ी रही। उन्होंने कहा कि अब सरकार महाकुंभ को दो महीने में समेटना चाहती। जिससे यात्रियों की संख्या भी प्रभावित होगी। संजीव चौधरी ने ऐसे में महाकुंभ के दौरान व्यापार की उम्मीद लगाए बैठा व्यापारी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। 

उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को धर्मनगरी के व्यापारी महायात्रा निकालकर महाकुंभ का पहला स्नान करेंगे। इसके अलावा सरकार की बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया जाएगा। व्यापारियों ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों, संतों, श्री गंगा सभा के पदाधिकारियों, व्यापारियों और आम लोगों से मांग का समर्थन यज्ञ में आहुति देने की मांग की है।

शहर अध्यक्ष कनखल और महानगर महामंत्री सुमित अरोड़ा ने बताया कि कनखल समेत विभिन्न क्षत्रों से हजारों व्यापारी और आम लोग यात्रा में शामिल होकर गंगा स्नान करेंगे। बैठक में पूर्व युवा शहर अध्यक्ष विशालमूर्ति भट्ट, प्रवीण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजू वधवा, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, सुमित शर्मा, मनोज सिरोही, आशीष शर्मा आदि मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें