कुंभ मेले की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के मेजर जनरल वी एस रानाडे आईजी ऑपरेशन ने बुधवार को कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल से उनके कार्यालय पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कुंभ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया।
मेला नियंत्रण सभागार में हुई मुलाकात के दौरान कुंभ मेला पुलिस और उत्तराखंड एटीएस से तालमेल बनाते हुए किस प्रकार मेले के दौरान आतंकवादी गतिविधियों और हमलों को नाकाम किया जा सकता है इस रणनीति पर चर्चा हुई।
एनएसजी की टीमों द्वारा क्षेत्र की पहचान करते हुए कुंभ क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा के लिए कार्य योजना तैयारी की जाएगी। इस दौरान कर्नल अभिषेक, ग्रुप कमांडर सुनील मिश्रा, टीम कमांडर मुकुल चौधरी, टीम कमांडर राजिथ पी मौजूद रहे।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने मांगा 74 लोगों का स्टाफ
कुंभ मेले में खाद्यान्न आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करने और श्रद्घालुओं को जरूरी सामान गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने 74 लोगों को स्टाफ मांगा है। इसके लिए मेलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र भेजा गया है।
संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंत में प्रदेश सरकार कुंभ की अधिसूचना जारी कर सकती है। मेला प्रशासन और अन्य विभाग कुंभ की तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में खाद्य आपूर्ति विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
खाद्यान्न, गैस, डीजल, पेट्रोल और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति समय व व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत के माध्यम से अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। उन्होंने पांच क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी, 27 पूर्ति निरीक्षक, 27 लिपिक, 15 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मांग की है।