केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से केदारघाटी के विलुप्त होते पौराणिक मांगल गीतों और कुंभ के जागरों के संरक्षण की मांग रखी है। इस पर मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान केदारघाटी के मांगल गीतों व जागर कार्यक्रम कराने का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत केदारनाथ विधायक के घर गोपेश्वर पहुंचे। इस दौरान हुई चर्चा में विधायक मनोज रावत ने कहा कि भराड़ीसैंण (गैरसैंण) विधानसभा में राज्यपाल के सम्मुख केदारघाटी की महिलाओं की ओर से मांगल गीतों व कुंभ जागरों की प्रस्तुति देनी थी, लेकिन पिताजी के निधन के कारण तीन दिन का शोक होने से यह कार्यक्रम नहीं किया जा सका है।
उन्होंने कहा कि केदारघाटी के पौराणिक जागर आज भी प्रासंगिक हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के वाशिंदों की बोली भाषा में मधुरता है। यहां के मांगल गीत और जागर मन को मोह लेते हैं। कुंभ के आयोजन के दौरान मांगल गीतों और जागरों के कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे।