बैरागी कैंप क्षेत्र की अव्यवस्थाओं को लेकर बैरागी संतों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला नजदीक है। शाही स्नान की तिथियां आने वाली हैं। बैरागी संत बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचने लगे हैं, लेकिन मेला प्रशासन अभी तक व्यवस्था नहीं करवा पाया है।
जिलाधिकारी सी रविशंकर और एसएसपी सेंथल अबूदई एस कृष्णराज सोमवार को बैरागी कैंप क्षेत्र में पहुंचे। निर्मोही अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास ने कहा कि बैरागी कैंप में संतों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कैंपों में शौचालय की व्यवस्था नहीं है। पीने के लिए पानी और सड़कों की हालत खराब है। संतों को भूमि आवंटन का मामला अभी तक उलझा है। मेला प्रशासन अतिक्रमण हटा कर संतों को भूमि आवंटित नहीं कर रहा है। निर्वाणी अणी अखाड़ा के श्रीमहंत धर्मदास ने कहा कि बैरागी कैंप में दो भाग हैं। एक हमारे पास है दूसरे में अतिक्रमण है।
जिसे मेला प्रशासन को जल्द से जल्द हटवाकर संतों को भूमि आवंटित करानी चाहिए। संतों से बातचीत के बाद जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शौचालय की व्यवस्था देख रहे अधिकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने कहा कि दो अप्रैल तक तीन हजार शौचालय बनवाए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी ने भी बताया है कि सड़कों का कार्य भी तीन-चार दिन के अंदर पूरा हो जाएगा। इस दौरान निर्मोही अखाड़ा के श्रीमहंत राजेंद्र दास, रामजी दास अहमदाबाद जगन्नाथ ट्रस्ट के महंत महेंद्र भाई झा, निर्वाणी अखाड़ा के श्री महंत धर्मदास गौरी शंकर दास, प्रहलाद दास मौजूद रहे।