तीन दिन में 100 से ज्यादा ट्रेनें हुई थी प्रभावित
साल 2023 में भी बरसात के दिनों में भारी बारिश के चलते भीमगोड़ा टनल के पास पहाड़ी से मलबा ट्रैक पर आकर गिर गया था। तीन दिन तक ये सिलसिला चला था। ऐसे में तीन दिन के अंदर 100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई थी। इसके बाद 2024 में पहाड़ से मलबा ट्रैक पर गिरने से रोकने के लिए लोहे के गार्डर लगाकर कुछ किलोमीटर लंबा जाल तैयार किया गया था। मंगलवार को जब पहाड़ी का हिस्सा टूटकर नीचे गिरा तो ये जाल टूट गया।
छह ट्रेनें प्रभावित और सात शॉर्ट टर्मिनेट की गई
भीमगोड़ा काली मंदिर के पास पहाड़ का हिस्सा टूटकर गिरने से ट्रैक बाधित हो गया। ट्रैक पर मलबा आ जाने से सात ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेटड कर दिया गया जबकि छह ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। ऐसे में हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाली इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12369 कुंभ एक्सप्रेस, 12370 कुंभ एक्सप्रेस, 04318 देहरादून इंदौर स्पेशल, 04317 इंदौर देहरादून स्पेशल, 12055 देहरादून नई दिल्ली जन शताब्दी, 54341 सहारनपुर देहरादून पैसेंजर, 54484 ऋषिकेश हरिद्वार पैसेंजर को शॉर्ट टर्मिनेटेड किया गया है। वहीं, 12051 जन शताब्दी एक्सप्रेस, 22457 वंदे भारत एक्सप्रेस, 19610 योगनगरी ऋषिकेश उदयपुर सीटी एक्सप्रेस, 15120 जनता एक्सप्रेस, 14631 देहरादून अमृतसर एक्सप्रेस, 14887 ऋषिकेश बाड़मेर एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित हुआ।