जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को आपस मे तालमेल बनाने की हिदायत दी और कहा की हर सेक्टर में अपने स्तर पर एक क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) बना लें। एसएसपी कुंभ जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी ने सेक्टर पुलिस ऑफिसर और सेक्टर मजिस्ट्रेट के समन्वय बनाने को कहा। एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने कुंभ के साथ कांवड़ियों की भीड़ नियंत्रण के लिए सुझाव दिए।
अपर रोड पर निकलने वाली गलियां रहेंगी बंद
शाही स्नान के दिन मोती बाजार की जो भी गलियां अपर रोड पर निकलती वह सभी बंद रहेंगी। शाही स्नान के मार्ग पर पड़ने वाले भवनों की छत और छज्जे की मजबूती भी पुलिसकर्मी जांच करेंगे। इसकेे साथ ही छतों पर रूफ टॉप ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
मेला कंट्रोल रूम में बनेगा वॉर रूम
मेला कंट्रोल रूम में एक वॉर रूम बनाया जाएगा। यहां हर विभाग का एक-एक सक्षम अधिकारी स्नान के दौरान मौजूद रहेगा। किसी भी विभाग से समस्या आने पर उसका हल करेंगे। वहीं स्नान के दौरान घाटों पर पूजा पाठ, प्लास्टिक कैन बिक्री, भिक्षावृत्ति पूरी तरह से बंद रहेगी।
शाही स्नान के रूट का निरीक्षण
नौ मार्च को सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस ऑफिसर शाही स्नान का रूट देखेंगे। इसके लिए जो भी व्यवस्थाएं होंगी, वह जल्द से जल्द पूरी करवाई जाएंगी। वहीं शाही स्नान की कवरेज करने के लिए मालवीय द्वीप पर मीडिया प्लेटफार्म पर मीडियाकर्मी मौजूद रहेंगे।