अपर मेला मेलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा और नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में शाही स्नान प्रवेश मार्ग और गंगा घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने यूपीडीसीसी के अधिकारियों क्षेत्र में पड़े अनावश्यक सामग्री और तारों के जाल को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। अपर मेलाधिकारी ने दीनदयाल पार्किंग मार्ग के पास अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्र की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्यों को भी देखा। उन्होंने घाटों पर लटकते बिजली के तारों को हटवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
साथ ही घाट सफाई कंपनी को प्रत्येक दो घंटे में घाटों और प्लेटफार्म को साफ करने के लिए कहा। अपर मेलाधिकारी ने गऊघाट पर टूटी हुई रेलिंग और सड़क के गड्ढों पर नाराजगी व्यक्त की। अपर मेलाधिकारी ने हरकी पैड़ी श्री गंगा सभा के निर्माणाधीन कार्यालय, मालवीय घाट पर मीडिया मंच और वाच टावर, स्थायी पुलों, शाही स्नान के लिए बन रहे रैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को ब्रह्मकुंड पर टूटी सीढ़ियों को एक सप्ताह के भीतर ठीक करने के लिए निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट शशांक सक्सेना, यूपीडीसीसी के अपर सहायक अभियंता सुनील उप्रेती आदि मौजूद रहे।