आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत दो दिन के प्रवास पर कुंभनगरी पहुंच गए हैं। वह दो दिन तक कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शनिवार शाम को संघ प्रमुख मोहन भागवत रेल मार्ग से हरिद्वार स्टेशन पर पहुंचे। दो दिन के प्रवास पर पहुंचे भागवत सामाजिक संगठनों की ओर से बनाए गए गंगा घाटों का लोकार्पण और एक आश्रम का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा दिव्य प्रेम सेवा मिशन में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लेंगे। इन कार्यक्रमों के साथ ही कुंभ नगरी में साधु-संतों से मुलाकात करके वार्ता करेंगे। रेलवे स्टेशन पर लेने के लिए आरएसएस के प्रांत प्रचारक युद्धवीर, क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम, अमित शर्मा, राहुल आदि मौजूद पहुंचे थे।
सात करोड़ के कुंभ कार्यों का लोकार्पण
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले साधु-संतों और श्रद्घालुओं की वन्य जीवों से सुरक्षा को लेकर वन विभाग प्रतिबद्ध है। शनिवार को वन मंत्री हरक सिंह रावत ने दक्ष द्वीप के सामने गंगा वाटिका में कुंभ मेले में वन्य जीवों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए कराए गए सात करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया।
इनमें डेढ़ किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार, 42 किलोमीटर सोलर फेंसिंग, आठ वन चौकियां, पांच वॉच टावर व सुरक्षा खाई आदि बनाई गई हैं। इस दौरान डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेले में जंगली जानवर खलल न डाल सकें, इसके लिए वन्य जीव के लिए बने अवरोधक के कार्य पूर हो चुके हैं।
इस मौके पर गन्ना राज्य मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, प्रमुख वन संरक्षक उत्तराखंड राजीव भरतरी, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल सुशांत पटनायक, वन संरक्षक शिवालकि वृत पीके पात्रो, राजाजी टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत तोमर, एसडीओ रंगनाथ पांडे आदि मौजूद रहे।