मकर संक्रांति पर्व का स्नान निपटने के बाद अब परिवहन निगम कुंभ मेले की तैयारियों में जुट गया है। पांच जगहों पर अस्थाई पार्किंग में कर्मचारियों के काम करने के लिए अस्थाई कार्यालय बनाने का काम शुरू हो गया है। यह अस्थाई कार्यालय टीन शेड से बनाए जा रहे हैं।
कुंभ मेले की तैयारियों में अब परिवहन विभाग जुट गया है। इसके लिए धीरवाली पार्किंग, दक्ष पार्किंग, सप्त सरोवर, ऋषिकुल पार्किंग व गौरीशंकर पार्किंग में तैयारी शुरू हो गई है। इन सभी पार्किंग में कर्मचारियों के लिए अस्थाई दफ्तर बनाने का काम शुरू हो गया है।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार दूसरे राज्यों के कर्मचारी भी हरिद्वार में अपने राज्यों की बसों के संचालन के लिए आएंगे। इसके लिए सभी को कार्यालयों का वितरण भी किया जाएगा। वहीं बसों को समय से निकालने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर होगी।
यात्रियों को भी ठहरने के लिए दिक्कत न हो इनके लिए भी टीनशेड के हाल तैयार किए जा रहे हैं। सहायक महाप्रबंधक हरिद्वार डिपो प्रतीक जैन ने बताया कि पांच जगहों पर पार्किंग में तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां पर टीनशेड से अस्थाई दफ्तर तैयार करवाए जा रहे हैं।