हंस फाउंडेशन राज्यभर में एक हजार गांवों में वर्षा का जल संरक्षण करेगा। यह निर्णय मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय समिति की बैठक में हुआ। बैठक में यह बात भी सामने आई कि फाउंडेशन के माध्यम से 77.96 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं और 188.87 करोड़ रुपए के कार्य प्रस्तावित है।
काबिले गौर है कि राज्य सरकार और हंस फाउंडेशन के बीच कुछ समय पहले एमओयू पर दस्तखत किए गए थे। इसके तहत राज्य सरकार के सहयोग से हंस फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, वर्षा जल संरक्षण, शिक्षा, बिजली, आजीविका आदि बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने पर कार्य कर रही है। दिव्यांगों के लिए कई योजनाए बनाई गई हैं।
चारधाम यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगी यूनिटें
एक जून तक चार धाम यात्रा मार्ग पर छह मोबाइल यूनिटें तैनात कर दी जाएंगी। अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन मानसी के सहयोग से 923 गांवों में शिशु और गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए कार्य किया जायेगा। 1000 गांवों में वर्षा जल संरक्षण, स्रोतों के रिचार्ज करने का कार्य किया जायेगा।
हिमोत्थान के सहयोग से स्कूलों में ई-वाश कार्यक्रम चलाया जायेगा। राज्य के 12000 विद्यालयों में गैस कनेक्शन और 500 माडल स्कूलों में शौचालय व पेयजल का इंतजाम किया जायेगा। इसके अलावा 956 गांवों के 10,000 घरों में बिजली पहुंचाई जायेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव ओम प्रकाश, उमाकांत पंवार, मनीषा पंवार, सचिव सैंथिल पांडियन, एमसी जोशी, फाउंडेशन के सीईओ एसएम मेहता, ईडी जीवी राव, प्रोग्राम निदेशक विजय कुमार जमवाल सहित राज्य सरकार के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।