आदिबदरी तहसील के खेती गांव निवासी दिव्यांग बुजुर्ग तोताराम की पेंशन आधार कार्ड न होने के चलते बंद हो गई। बुजुर्ग का कोई परिजन भी नहीं है। ऐसे में बिना पेंशन के बुजुर्ग के सामने जीवन यापन की समस्या खड़ी हो गई है।
खेती गांव के ब्रह्मानंद खंडूड़ी ने बताया कि गांव के तोताराम (77) चल नहीं पाते। सरकार की ओर से समाज कल्याण विभाग की ओर से तोताराम को पेंशन दी जाती थी, लेकिन बैंक खातों और समाज कल्याण में आधार कार्ड की अनिवार्यता से जनवरी 2017 से बुजुर्ग तोताराम को पेंशन नहीं मिल पाई है।
ब्रह्मानंद ने बताया कि आधार कार्ड बनाने के लिए ग्राम पंचायत में शिविर लगे, लेकिन तोताराम का घर दो किमी की खड़ी चढ़ाई पर है ऐसे में गांव तक न तो आधार कार्ड बनाने वाली टीम पहुंची और न ही तोताराम शिविर तक पहुंच पाए। आधार कार्ड न होने से तोताराम की पेंशन बंद हो गई।
अब तोताराम के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। गैरसैंण की एसडीएम स्मृता परमार ने बताया कि छूटे हुए जिन लोगों के प्रार्थना पत्र आ रहे हैं उनके आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था की जा रही है। तोताराम का प्रार्थना पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।