देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान और कार्यक्रम स्थल के शुद्धीकरण मामले में कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने शनिवार को राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान से लोकतांत्रिक मर्यादाएं आहत हुई हैं। सबसे अधिक चिंताजनक बात यह है कि घटना के इतने समय बाद भी उन लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि अभी तक न तो प्राथमिकी दर्ज हुई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से दोषियों की पहचान कर प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें जनआंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के सम्मान के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई को आवश्यक बताया। राजकुमार ने मांग की कि मामले को गंभीरता से लिया जाए।