देहरादून। पर्वराज पर्युषण दशलक्षण आराधना के अवसर पर श्री महावीर जैन कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में अंतरविद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें श्री गुरु नानक पमइंका, खुड़बुड़ा ने बाजी मारते हुए चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। श्री महावीर जैन कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज को दूसरा और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों के 34 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रबंधक अनिल कुमार जैन ने छात्राओं को प्रतिवर्ष दी जाने वाली छात्रवृत्तियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में अपनी संस्कृति की पहचान बनाए रखना भी आवश्यक है। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी छात्रवृत्ति प्रदान की गई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कमलेश्वर प्रसाद भट्ट, डीसी भट्ट और बीसी कुनियाल शामिल रहे।