बताया जाता है कि भ्रष्टाचार के आरोप में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद सुर्खियों में आए सहारनपुर के गुप्ता बंधु 1990 में भारत से दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे। अतुल, राजेश और अजय गुप्ता तीन भाई हैं। यहां कंप्यूटर व्यापार से इन्होंने शुरुआत की।
बाद में खनन और इंजीनियरिंग कंपनियों, लक्जरी गेम लाउंज, समाचार पत्र और 24 घंटे के समाचार टीवी स्टेशन में हिस्सेदारी खरीदी। आरोप है कि इन्होंने भ्रष्ट सौदों के माध्यम से अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लाखों डॉलर के सरकारी ठेके लिए।
साल 2016 में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व उप वित्त मंत्री जोनास मेबिसी ने आरोप लगाया कि गुप्ता परिवार ने अपनी बात मानने पर उन्हें अगला वित्त मंत्री बनाने के लिए 60 करोड़ रैंड (5 करोड़ डॉलर) की पेशकश की थी।
वहीं दक्षिण अफ्रीकी सरकार के लोकपाल ने एक रिपोर्ट जारी कर दी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि गुप्ता परिवार और राष्ट्रपति जुमा ने सरकारी अनुबंधों को पाने के लिए एक-दूसरे की मदद की थी।
इसके बाद जब 2017 में एक लाख से अधिक ईमेल लीक हुए तो जुमा और गुप्ता बंधुओं का सच सामने आ गया। इसके बाद गुप्ता परिवार और राष्ट्रपति जैकब ज़ुमा के खिलाफ द. अफ्रीका में लोगों ने प्रदर्शन किए और दोनों का नाम 'ज़ुप्ता' दिया।
दुनिया की जानी-मानी हस्तियों में शुमार गुप्ता बंधु फिलहाल दुबई में रह रहे हैं। अजय गुप्ता के पुत्र सूर्यकांत का विवाह समारोह 18 से 20 जून तक होगा, जबकि अतुल गुप्ता के पुत्र का विवाह समारोह 20 से 22 जून तक होगा।
जिला प्रशासन के अनुसार इन शादियों पर 200 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। स्विट्जरलैंड से पांच करोड़ रुपए के अनेक प्रकार के फूल लाकर विवाह स्थल को गुलदस्ते के रूप में सजाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि औली में फाइव स्टार होटलनुमा टेंट कॉलोनी बनाई जाएगी, जिसमें हर तरह की सुविधाएं मिलेंगी।