जिसोऊ खराया में बकरियों के झुंड पर किया हमला
घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ा दी गई है गश्त
कोटी ईच्छाडी क्षेत्र के ग्राम जिसोऊ खराया के जंगल में गुलदार ने हमला करके छह बकरियों व दो बैल को मार डाला। घटना के समय दो पशुपालक जंगल में अपने पशुओं को चरा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने वन विभाग को गुलदार के हमले की जानकारी दी।
बुधवार को खराया गांव के पास लुणिया धार नामक स्थान पर संरक्षित वन क्षेत्र में गुलदार ने पशुओं के एक झुंड पर हमला कर दिया। जब तक पशुपालक केदार शर्मा व केदार सिंह संभल पाते तब तक गुलदार छह बकरियों व दो बैल को मौत के घाट उतार चुका था। अचानक हुए हमले से घबराए पशुपालक के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
खराया ग्राम पंचायत के प्रधान गजेंद्र शर्मा ने बताया कि गुलदार के हमले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है। वन दरोगा महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि गुलदार के हमले की जानकारी मिली है। घटना की जांच करके मुआवजे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र में गश्त भी बढ़ दी गई है।