पुरानी रंजिश के चलते असलहों से लैस युवकों ने खनन कारोबारी से मारपीट कर दी। दिनदहाड़े आरटीओ ऑफिस के बाहर हुई घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कारोबारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक किच्छा निवासी अकरम वेग पुत्र मोहमद वेग खनन कारोबार से जुड़ा है। सोमवार को वह आरटीओ ऑफिस में डंपर अपने नाम ट्रांसफर करने आया था। जैसे ही वह ऑफिस के पास पहुंचा तो किच्छा निवासी 3-4 युवकों ने घेर कर मारपीट कर दी। शोर होने पर आरोपी फरार हो गए। एकत्र लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और आरोपियों की धड़-पकड़ में जुट गई।
प्रधान पति पर तेजाब से हमला
वहीं पिथौरागढ़ के कनालीछीना के सांगड़ी गांव में सुनार ने आपसी रंजिश में प्रधान पति पर तेजाब से हमला कर दिया। जिससे उनका चेहरा झुलस गया। प्रधान पति प्रेम राम को उपचार के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। रविवार रात की घटना है। कनालीछीना थाना पुलिस ने आरोपी सुनार सुरेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।