खेल विभाग में समूह ‘ग’ श्रेणी के 72 रिक्त पदों की लिखित परीक्षा रविवार को होगी। जिसमें करीब सात सौ अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के लिए सभी तैयारियों पूरी कर ली हैं।
चयन आयोग के सचिव संतोष बड़ोनी ने बताया कि खेल विभाग में उप क्रीड़ा अधिकारी के 13, सहायक प्रशिक्षक के 57 व सहायक खेल अध्यापक के 2 पदों के लिए रविवार को लिखित परीक्षा होगी। इन पदों के लिए 689 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जिसमें उप क्रीड़ा अधिकारी पद के लिए 371 और सहायक प्रशिक्षण, सहायक खेल अध्यापक के लिए कुल 371 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एसजीआरआर रेसकोर्स को परीक्षा सेंटर बनाया गया।
प्रथम पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक उप क्रीड़ा अधिकारी पद की परीक्षा ली जाएगी। जबकि द्वितीय पाली में 2 से 4 बजे तक सहायक प्रशिक्षण, सहायक खेल अध्यापक पद की परीक्षा होगी। परीक्षा में गड़बड़ी रोकने व पारदर्शिता के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमीट्रिक हाजिरी लगाई जाएगी।
सचिव ने कहा 37 अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान दो खेल विषयों का चयन किया है। जिस कारण उन्हें विषय वार प्रवेश पत्र जारी हुए हैं। लेकिन उन्हें परीक्षा में एक ही विषय का विकल्प चुनना है। दो विषयों का चयन करने वाले अभ्यर्थियों को दोनों ही विषयों के प्रवेश पत्र साथ में लाना होगा।