देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार की पूरी सहानुभूति वन्य जीवों के हमलों से पीड़ितों के प्रति है। आम जन की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
भट्ट ने कहा कि कुछ दुखद घटनाएं एक माह के भीतर राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में सामने आईं, लेकिन सरकार इस पर संवेदनशील है। वन विभाग को कड़े निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में गश्त और पिंजरा लगाने के लिए कहा गया है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग कार्रवाई भी कर रहा है। उन्होंने ने कहा कि ग्रामीणों में आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन सरकार इस पर सतर्क और संवेदनशील है। उन्होंने खुद अधिकारियों से इस बारे में वार्ता की है। वन विभाग ने पिंजरे लगाकर गश्त शुरू की है।
नरभक्षी गुलदार को शूट करने की कार्रवाई के लिए भी कहा गया है। जिन क्षेत्रों में बाघ या भालू सक्रिय हैं, वहां कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए वन्यकर्मियों के सहयोग में भागीदार बनने की अपील की। भट्ट ने कांग्रेस को नसीहत दी कि यह समय पीड़ितों के साथ सहारा बनकर खड़ा होने का है। इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने से परहेज किया जाए।