जूनियर महिला हाकी विश्व कप में कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में शामिल उत्तराखंड की वंदना कटारिया को राज्य सरकार ने सम्मानित करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री करेंगे वंदना को सम्मानित
सोमवार को राजधानी में वंदना को सीएम विजय बहुगुणा और खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल सम्मानित करेंगे। वंदना को दो लाख रुपये दिए जाएंगे।
हरिद्वार के रोशनाबाद कस्बे की रहने वाली हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया हाल ही में जूनियर महिला विश्व कप हाकी जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल रही।
टूर्नामेंट में ताबड़तोड़ गोल दाग वंदना सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर रही। लेकिन, देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली इस खिलाड़ी की जानकारी प्रदेश सरकार को नहीं थी।
खबर का असरः
अमर उजाला ने ‘घर में उपेक्षा’ अभियान के तहत आठ अगस्त को ‘शायद सरकार को नहीं पता मैं उत्तराखंडी हूं’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो सरकार ने इसका संज्ञान लिया।
वंदना के कोच और जिला खेल अधिकारी टिहरी गढ़वाल कृष्ण कुमार ने बताया कि हाकी इंडिया के उपाध्यक्ष राजीव मेहता ने वंदना को सम्मानित करने की जानकारी दी है।
इसके बाद उन्होंने वंदना के पिता और भाई को भी दून आने का आमंत्रण दिया है। उधर, वंदना के पिता नाहर सिंह कटारिया ने बताया कि वंदना रविवार (आज) को हरिद्वार पहुंच रही है। बताया कि बेटी का स्वागत बैंड बाजों से करेंगे।
इनकी भी सुनिएः
हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को राज्य सरकार दो लाख रुपये देकर सम्मानित करेगी। सोमवार को मुख्यमंत्री के हाथों वंदना को सम्मान दिया जाएगा।
-दिनेश अग्रवाल, खेल मंत्री