डोईवाला। उत्तराखंड भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के शिविर का डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने शुभारंभ करते हुए श्रमिकों को विभाग से मिलने वाली किट का वितरण किया। श्रमिकों और उनके परिवारों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
माजरी ग्रांट में बुधवार को आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, शिक्षण सामग्री और स्वच्छता सामग्री के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों को लाभान्वित करने की पहल की गई। श्रमिकों को शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि भाजपा सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रयास किया जा रहा है अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पहुंचे। कहा कि सरकार आमजन के विकास की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है। कार्यक्रम में प्रधान निशा देवी, श्रम विभाग के इंस्पेक्टर आनंद शेखर, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार राज, पंज रावत, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।