उत्तराखंड सरकार ने महिला उद्यमियों को खास तोहफा दिया है। विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत सरकार ने महिला उद्यमियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विशेष लाभ देने का प्रयास किया है।
औद्योगिक क्षेत्र में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार ने 25 लाख का बजट स्वीकृत कर दिया है। विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत सरकार की ओर से महिला उद्यमियों को ब्याज दर में छह प्रतिशत छूट देने का प्रावधान है। लेकिन, अधिकतम पांच लाख रुपये तक ही छूट का लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही उद्यमी पुरस्कार योजना के लिए तीन लाख रुपये जारी किए गए। उद्योग विभाग को 31 मार्च 2018 तक प्रोत्साहन राशि व्यय कर शासन को ब्योरा देना होगा। प्रमुख सचिव उद्योग मनीषा पंवार ने महिला उद्यमी प्रोत्साहन व उद्यमी पुरस्कार योजना के लिए वर्ष 2017-18 के लिए प्रस्तावित बजट की अंतिम किश्त जारी करने के आदेश जारी किए हैं।
सरकार ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए चालू वित्त वर्ष में 50 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया है। इसके साथ ही उद्यमियों के लिए शुरू की गई पुरस्कार योजना में लाख रुपये का बजट जारी किया है। औद्योगिक विकास में बेहतर कार्य करने वाले उद्यमियों को इस योजना में पुरस्कृत किया जाएगा। आदेश में कहा गया कि उद्योग विभाग इस राशि को किसी दूसरे मद में खर्च नहीं कर सकता है।