विकासनगर। कैनाल रोड स्थित लक्ष्मणपुर के प्राचीन शिव मंदिर श्रीराधा कृष्ण धाम में मंगलवार को गोवर्धन पूजा एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्तिक मास की नियमित पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मां बगलामुखी का पाठ किया गया। साथ ही माता लक्ष्मी की आराधना, गीत गोविंद का पाठ और राधा रानी का जाप किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की गई और भगवान गोवर्धन को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गोवर्धन परिक्रमा की और भजन-कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर राजकुमार रोहिला, रोहीन राणा, राहुल मित्तल, अनिल गोयल, दिव्यांश गर्ग, सुरेंद्र, अमित गुप्ता, अन्नू कोहली, अलका धमीजा, सोमप्रकाश साहू सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।