देहरादून को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना साकार होने की दिशा में इस वर्ष कदम उठाए गए। हालांकि वर्ष की शुरुआत में सुस्ती दिखी, लेकिन साल के आखिर में परियोजना ने रफ्तार पकड़ी। सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का शुभारंभ बुधवार को हुआ।
काम-1: जीजीआईसी राजपुर रोड, जीआईसी खुड़बुड़ा और जूनियर हाईस्कूल खुड़बुड़ा को स्मार्ट स्कूल बनाने का काम शुरू
काम-2 :राजपुर रोड पर घंटाघर से सिल्वर सिटी तक कम लागत वाले सेंसर लगाए जाने थे। इस पर साल के आखिर में काम शुरू हुआ।
काम-3 : स्मार्ट सिटी के तहत रिस्पना पुल से महाराजा अग्रसेन चौक (हरिद्वार रोड), आराघर से बहल चौक (ईसी रोड), घंटाघर से दिलाराम चौक (राजपुर रोड) और घंटाघर से किशन नगर चौक (चकराता रोड) को स्मार्ट बनाने पर काम शुरू
काम-4 : 22 चौराहों का सौंदर्यीकरण होना था लेकिन अभी तक यह सपना पूरा नहीं हो पाया। आरटीओ चौराहे के पास सहित कुछ ही चौराहों की सूरत बदल पाई है।
काम-5 : गांधी पार्क, कलेक्ट्रेट, कांवली रोड पर 24 स्मार्ट टॉयलेट में से अभी तक चार ही पूरे।
काम-6 : स्मार्ट सिटी के तहत बिजली, पानी, यातायात, सीवर सुविधाओं के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर शुरू।
काम-7 : वर्ष के शुरू में स्मार्ट सिटी में इलेक्ट्रिक बसें चलाने की घोषणा हुई थी, जिस पर इस साल अमल नहीं हो पाया। अगले वर्ष तक यह पूरी हो सकती है।
काम- 8 : स्वच्छ पेयजल के लिए 24 वाटर एटीएम की घोषणा के तहत इस साल भर में केवल तीन एटीएम ही लग पाए।
काम- 9 : करनपुर रोड चौड़ीकरण की घोषणा इस साल भर में कागजों से बाहर नहीं निकल पाई।
काम-10: परेड ग्राउंड और पलटन बाजार सौंदर्यीकरण का काम साल के अंत में शुरू हो गया है।
काम-11: हरिद्वार रोड पर स्मार्ट ग्रीन बिल्डिंग का काम इस साल घोषणा से थोड़ा आगे बढ़ पाया है। सीएम ने इसका शिलान्यास कर दिया है।
स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। आईसीसीसी समेत तमाम प्रोजेक्ट धरातल पर दिखने शुरू हो गए हैं। अगले एक से दो साल में शहर की सूरत बदली हुई नजर आएगी।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, सीईओ, देहरादून स्मार्ट सिटी लि.