जौलीग्रांट। बाल विकास विभाग के अंतर्गत जौलीग्रांट सेक्टर में आंगनबाड़ी केंद्र घमंडपुर में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। जिसमें पोषण माह में महिलाओं की गोद भराई और अन्नप्राशन की रस्म कराई गई।
सुपरवाइजर अनिता पटवाल ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य और जागरूक करने के लिए पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें महिलाओं को पारंपरिक व्यंजनों, दादी, नानी की रसोई में पकाए जाने वाले व्यंजनों आदि की जानकारियां दी जा रही हैं। सरकार और उनके विभाग का उद्देश्य है कि किसी भी महिला और किशोरी में पोषण की कमी नहीं होनी चाहिए। इसलिए सरकार और विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में उत्तराखंडी व्यंजन अरसे, पत्यूड़, झंगोरे की खीर, गुलगुले, फाणू आदि भी परोसे गए। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मानसी खत्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुशीला खत्री, दीपा देवी, रीमा देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, सरोज देवी, नीलम देवी, अंजली, वंदना, सरिता आदि उपस्थित रहे।