उत्तराखंड में पौड़ी जिला प्रशासन और शिक्षा महकमे ने बेटियों को सेना, उसके तप, संघर्ष व हर गतिविधि से रूबरू कराने की अनूठी पहल शुरू की है। जनपद के प्रत्येक ब्लाक से कक्षा दसवीं से 12वीं तक की 18 बेटियों का दल सैनिक छावनी लैंसडौन जाएगा, जहां बेटियां दो दिनों तक सेना की जीवनशैली को नजदीक से देखेंगी।
सेना बेटियों में देश की रक्षा व आत्मनिर्भरता का जज्बा भरेगी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जनपद के द्वारीखाल ब्लाक से 18 बेटियों का दल आज सोमवार को सैनिक छावनी लैंसडौन जाएगा, जहां गढ़वाल राइफल्स के कमान अधिकारी वाहिनी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे।
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शिक्षा विभाग को छात्राओं को सेना की गतिविधियों से रूबरू कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सीईओ पौड़ी मदन सिंह रावत ने बताया कि द्वारीखाल के बाद 13 नवंबर को रिखणीखाल ब्लॉक, 15 को पौड़ी, 18 को कोट, 21 को खिर्सू और 13 नवंबर को पाबौ ब्लॉक से चयनित छात्राओं का दल लैंसडौन जाएगा।
सीईओ रावत ने बताया कि जनपद के अन्य ब्लॉकों के लिए भी तिथियां निर्धारित की गई हैं, जबकि जयहरीखाल ब्लॉक की टीम बीते आठ नवंबर को प्रशिक्षण ले चुकी है। व्यवस्था के तहत प्रतिभागी छात्राओं के साथ एक अध्यापिका व एक सुपरवाइजर भी शामिल रहेंगी। कार्यक्रम में एनसीसी की बालिकाओं को भी शामिल किए जाने के निर्देश समस्त बीईओ को दिए गए हैं।