रुद्रप्रयाग के गिरिया गांव की आत्महत्या करने वाली दोनों युवतियों के शवों का गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई है। बुधवार दोपहर को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में रस्सी से लटक कर मौत होने की बात सामने आई है। अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट ऊखीमठ थाने भेज दी है।
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे ग्रामीण दोनों के शव गांव लाए। शवों के गांव पहुंचते ही दोनों युवतियों के माता-पिता और भाई-बहन बिलख-बिलख कर रो पड़े। दोनों की माताएं रो-रोकर बेहोश हो रही हैं।
जिन बेटियों के लिए माता-पिता ने कभी ऊंची आवाज में नहीं बोला, उनके आत्महत्या की बात उनकी समझ में नहीं आ रही है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है।