ट्यूशन पढ़ने गई नाबालिग छात्रा संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने उसकी आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने एक किशोर पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशोर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी किशोरी शहर स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है।
तीन दिन पूर्व वह घर से ट्यूशन के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास और सहेलियों के घर पर जानकारी ली, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इस बीच परिजनों को पता चला कि कॉलोनी के एक किशोर के साथ उसे आखिरी बार देखा गया था। परिजन उसके घर पहुंचे तो वह भी घर से लापता था। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
साथ ही बेटी के अपहरण का आरोप लगाकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर किशोर के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। दोनों की तलाश की जा रही है। किशोर के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोनों का पता लगा लिया जाएगा।