देहरादून आमवाला रोड पर अनियंत्रित स्कूटी के पेड़ से टकराने से कक्षा नौ की छात्रा की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी इंटर की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
छात्रा मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दोस्त की स्कूटी लेकर निकली थी, लेकिन स्पीड होने पर संतुलन नहीं बना सकी और हेलमेट नहीं होने के कारण सिर पर आई चोट उसकी मौत की वजह बनी। परिजनों के अनुरोध पर डीएम की अनुमति से पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए छात्रा के शव परिजनों को दे दिया।
डालनवाला के राजेश रावत कालोनी निवासी सतपाल रावत की बेटी सोनाक्षी रावत (15) सहस्त्रधारा रोड स्थित गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार दोपहर ढाई बजे के करीब स्कूल की छुट्टी के बाद सोनाक्षी ने अपने दोस्त की स्कूटी चलाने के लिए ले ली।
सोनाक्षी ने स्कूटी के पीछे कालोनी में रहने वाली इंटर की छात्रा श्वेता कोठारी को बैठा लिया। आमवाला रोड की कच्ची सड़क पर सोनाक्षी ने स्कूटी की स्पीड बढ़ा दी। अचानक संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सीधे पेड़ से टकरा गई। हेलमेट नहीं पहना होने की वजह से सोनाक्षी का सिर सीधे पेड़ से टकरा गया, जबकि श्वेता स्कूटी से दूसरी तरफ गिर गई।
शोर मचा तो आसपास के लोगों ने दोनों छात्राओं को हीलिंग टच अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सोनाक्षी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। खबर मिलते ही सोनाक्षी के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल में पहुंच गए।
स्कूल और अभिभावक संभाले जिम्मेदारी
नाबालिगों के साथ बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं बेहद दुखद है। व्यापक स्तर पर जागरूकता और कार्रवाई के बाद घटनाएं नहीं थम रही है। स्कूल संचालकों और अभिभावकों की जागरूकता से ही इस तरह के हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
- धीरेन्द्र गुंज्याल, एसपी ट्रैफिक