पीजी कालेज अगस्त्यमुनि में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ रही छात्रा ने रुद्रप्रयाग के कोटेश्वर में अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और सेना द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है। लेकिन अभी तक छात्रा का सुराग नहीं लग पाया है। मामले में दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
शनिवार को दोपहर करीब सवा एक बजे छात्रा मनीषा तोमर (20) पुत्री प्रेम सिंह तोमर, निवासी ग्राम घेंघड़, जखोली, रुद्रप्रयाग के कोटेश्वर मंदिर के नीचे अलकनंदा नदी के किनारे गई और उसने नदी में छलांग लगा दी।
मंदिर में मौजूद लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी होशियार सिंह पंखोली के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। वहीं, 10-जेएकेलाई (जम्मू-कश्मीर लाइट इनफैंट्री) का रेस्क्यू दल ने मौके पर पहुंचकर रस्सों की मदद से नदी के दोनों तरफ काफी दूर तक छात्रा की खोजबीन की।
लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इस दौरान छात्रा के परिजन व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी पंखोली ने बताया कि घटना के दौरान दो युवक वहां मौजूद थे, जिन्हें हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने छात्रा को अपना दोस्त बताया है।