उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा में फेल होने पर एक और छात्रा ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। बुधवार को छात्रा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि मंगलवार को ही एक छात्रा ने पंखे से लटककर खुदकुशी की थी।
इंटर की बोर्ड परीक्षा में फेल होने पर छात्रा ने जहर खा लिया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सरिता (18) पुत्री महेंद्र सिंह निवासी केदारावाला जीआईसी बरोटीवाला में इंटर की छात्रा थी। बीते मंगलवार को आए बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट में वह फेल हो गई। बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे उसने अपने को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और जहर खा लिया।
जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आई तो परिजनों को शक हुआ। इस दौरान परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। सरिता अचेत अवस्था में पड़ी थी। परिजन उसे लेहमन अस्पताल ले गए।
जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सरिता तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसके पिता मजदूरी करते है। बुधवार को शीतला नदी के तट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।