अपने साथियों के साथ रुद्रप्रयाग घूमने आई एक युवती कोटेश्वर मंदिर के समीप पैर फिसल जाने से अलकनंदा नदी में बह गई। सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा।
नदी में काफी खोजबीन के बाद भी देर शाम तक युवती का पता नहीं चल सका। पौड़ी से शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे नौ सदस्यीय ट्यूशन ग्रुप रुद्रप्रयाग घूमने पहुंचा। ग्रुप के सभी सदस्य मुख्य बाजार से होते हुए कोटेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गुफा की तरफ गए और वहां से अलकनंदा नदी किनारे पहुंचे।
यहां ये लोग कैमरे और मोबाइल से फोटो खींच रहे थे, तभी ग्रुप की एक सदस्य आशना भंडारी (18) पुत्री आलोक भंडारी, निवासी पुलिस लाइन, पौड़ी का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरी। साथियों के चीख-पुकार पर मंदिर में मौजूद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे।
युवती को बचाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन वह, नदी के तेज बहाव में बह गई। सूचना पर पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस के देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाने के बाद भी देर शाम तक युवती का पता नहीं चल पाया।