पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने शिमला बाईपास पर छात्रा मानसी और हरिद्वार में डंपर से हुई दो लोगों की मौत के मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एसएसपी देहरादून और हरिद्वार से हादसे को लेकर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई से अवगत कराने को कहा है। साथ ही यह भी पूछा कि दोनों हादसों में डंपर मालिकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला में बृहस्पतिवार को डंपर के कुचलने से हुई छात्रा मानसी की मौत पर शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय ने सख्त नाराजगी जताई। डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने एसएसपी को पत्र लिखकर कहा कि जिस समय हादसा हुआ उस समय भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंध था। ऐसे में इन भाराी वाहनों के चलने संबंधी आरोपों को गंभीरता से लिया जाए। हादसे को लेकर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो। डीजी ने हरिद्वार के एसएसपी से खेड़ी शिकोहपुर (भगवानपुर) में हादसे में हुई दो लोगों की मौत के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।