राजधानी देहरादून में रविवार को ट्रांसजेंडर्स की प्राइड वॉक होगी। इसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब दो सौ ट्रांसजेंडर्स (एलजीबीटी) के शामिल होने का अनुमान है। आयोजकों के अनुसार वॉक के जरिये वह ट्रांसजेंडर्स के सम्मान और अधिकारों के संरक्षण की मांग करेंगे।
राजपुर रोड स्थित होटल में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रयोजन कल्याण समिति के तकनीकी सलाहकार नवीन ने बताया कि प्राइड वॉक रविवार शाम तीन बजे एश्लेहॉल चौक से शुरू होगी।
वॉक परेड ग्राउंड का चक्कर काटने के बाद कनक चौक होते हुए एश्लेहॉल चौक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि प्राइड वॉक करीब दो सौ ट्रांसजेंडर्स की पहुंचने की उम्मीद है। प्राइड वॉक दौरान ट्रांसजेंडर्स को मिले अधिकारों पर खुशी जताने के साथ सम्मान और अधिकारों के संरक्षण की मांग भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धारा-377 को लेकर कुछ भ्रांतियां हैं, जिनके समाधान की जरूरत है। नताशा सिंह व सागर ने बताया कि समाज में सभी को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हक है। प्राइड वॉक के जरिये वह मानवाधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।