गढ़वाली फिल्म ‘ल्या ठुंगार’ शुक्रवार को पायल सिनेमा में रिलीज हो गई। शो का शुभारंभ पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने किया।
दिल्ली में भी रिलीज हुई फिल्म
इस मौके पर निर्देशक सुनील पटनी और फिल्म की पूरी टीम के साथ निशानेबाज जसपाल राणा भी ‘ल्या ठुंगार’ देखने पहुंचे। फिल्म उत्तराखंड के साथ राजधानी दिल्ली में भी रिलीज की गई है। फिल्म को कर मुक्त करने का आवेदन किया गया है। कर मुक्त होने पर अगले हफ्ते से इसे मल्टीप्लेक्स में भी देखा जा सकेगा।
निर्देशक सुनील पटनी ने बताया कि आपदा के बाद केदारघाटी में शूट होने वाली ल्या ठुंगार पहली फिल्म है। शूटिंग के दौरान यूनिट को काफी दिक्कत आई। बदहाल रास्ते, बारिश और सुविधाओं के अभाव में टीम ने शूटिंग की। करीब 90 लाख रुपए बजट वाली यह फिल्म एक साल में तैयार हुई।
फिल्म के नायक संजय सलूड़ी और नायिका मोहिनी ध्यानी पटनी हैं। फिल्म कॉमेडी है, जो दर्शकों को गुदगुदाते हुए जंगल बचाने की सीख देती है।
वन तस्करी के खिलाफ तीन भाइयों के संघर्ष की कहानी को खूबसूरती से परदे पर उतारने की कोशिश की गई है। निर्देशक सुनील पटनी इससे पहले टीवी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ और ‘बिग मैजिक’ के लिए संगीत निर्देशन कर चुके हैं।
परदे पर आएगी तीलू रौतेली की कहानी
निर्देशक सुनील पटनी अपनी अगली फिल्म उत्तराखंड की कहानी पर बनाएंगे। इसकी कहानी वीरांगना तीलू रौतेली पर आधारित होगी। फिल्म के लिए शोध किया जा रहा है। इसे लिखने की जिम्मेदारी डॉ. राजेश्वर उनियाल को दी गई है।