राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग छात्रसंघ चुनाव के लिए छात्र सेना संगठन ने सभी पदों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए है। जबकि अन्य किसी भी छात्र संगठन ने नामांकन नहीं करवाया है, जिससे सभी पदों पर छात्र सेना संगठन के प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्विचित होना तय है। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में 9 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए मात्र पहाड़ी छात्र सेना ही चुनाव मैदान में है। बृहस्पतिवार को छात्रसंघ चुनाव नामांकन के आखिरी दिन छात्र सेना संगठन को छोड़कर अन्य किसी भी छात्र संगठन ने नामांकन नहीं करवाया है। महाविद्यालय की निर्वाचन अधिकारी डा. अर्चना धपवाल ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए पहाड़ी छात्र सेना संगठन ने अध्यक्ष पद पर प्रिया नेगी, उपाध्यक्ष काजल, सचिव मनीषा, सह सचिव कृष्ण, कोषाध्यक्ष आंचल व विवि प्रतिनिधि के लिए मनीषा का नामांकन करवाया है। बताया कि शुक्रवार (आज) नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
कर्णप्रयाग में अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने कराया नामांकन
पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग के छात्रसंघ चुनावों में अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों ने कॉलेज परिसर से मुख्य बाजार तक जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग में नौ सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक डिमरी, राहुल रावत, राहुल कुमार और अकलेश सिंह ने नामांकन कराया। उपाध्यक्ष पद पर संतोष सिंह ने, सचिव पद पर मोहित रावत, पंकज कुमार और रविंद्र कुमार ने, सह सचिव पद पर शिवानी व सुषमा ने, कोषाध्यक्ष पद के लिए वंदना पंवार एवं पिंकी ने और विवि प्रतिनिधि पद पर चंद्र मोहन सिंह ने नामांकन कराया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. आरसी भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को एक बजे तक नामांकन वापसी के बाद तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच कर अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। शनिवार को कॉलेज परिसर में सामान्य सभा का आयोजन किया जाएगा। सोमवार नौ सितंबर को सुबह आठ बजे से 1.30 बजे तक मतदान होगा। नामांकन के बाद छात्र संघ चुनावों में भाग लेने वाले प्रत्याशियों ने मुख्य बाजार तक जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और अपने पक्ष में वोट मांगे। जुलूस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
प्रत्याशियों ने किए नामांकन फिर किया शक्ति प्रदर्शन
श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस में छात्रसंघ चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों ने नामांकन किया। मीडिया कोआर्डिनेटर डा. डीएस नेगी ने बताया कि विवि प्रतिनिधि के लिए चंद्रशेखर, अरविंद सिंह व संदीप कुमार, अध्यक्ष पद के लिए पवनेश रावत व मनीषा, उपाध्यक्ष के लिए हिमांशु रावत व शुभम रावत, सचिव के लिए कैलाश सिंह, आशीष व रोहित और सह सचिव के लिए पंकज कुमार ने अपना नामांकन कराया। वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पोखरी में निर्वाचन अधिकारी डा. नंद किशोर चमोला ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक बर्त्वाल व साक्षी, उपाध्यक्ष के लिए बॉबी व पंकज कुमार, महासचिव पंकज सिंह, सह सचिव दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष अपेक्षा व प्रतिभा तथा विवि प्रतिनिधि के लिए कर्ण सिंह व प्रवेश भंडारी ने अपने-अपने नामांकन किए। नामांकन से पहले प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नगर में शक्ति प्रदर्शन भी किया।