राहुल के दो गोलों की मदद से गढ़वाल स्पोर्टिंग ने द्रोणा 70वीं लाला नेमीदास मेमोरियल जिला फुटबाल लीग में एकतरफा जीत हासिल की।
दूसरे मुकाबले में विल्स यूथ 3-1 से जीतने में सफल रही। जबकि बालाजी और जेए ब्वायज को अंक बांटने पड़े।
पीआरडी ग्राउंड में रविवार को पहला मैच गढ़वाल स्पोर्टिंग और अधोईवाला ब्वायज के बीच खेला गया। मैच में पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
दूसरे हाफ में गढ़वाल स्पोर्टिंग के राहुल ने 42वें और 59वें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। मैच के अंत तक यही स्कोर रहा। दूसरा मैच विल्स यूथ और गढ़वाल ब्वायज के बीच खेला गया।
मैच के चौथे मिनट में गढ़वाल ब्वायज के विक्रम ने गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। मगर विल्स यूथ के समर ने 9वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
अर्पण ने 23वें और 26वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर विल्स यूथ को 3-1 से आगे कर दिया। अंतिम समय तक विल्स यूथ ने बढ़त बनाए रखी। बालाजी और जेए ब्वायज के बीच दिन का तीसरा मैच हुआ।
पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। 60वें मिनट में पवन के गोल से बालाजी ने 1-0 की बढ़त बनाई। मगर 68वें मिनट में आशीष ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।