बर्फबारी से जलस्रोत जमने और पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण मुखबा, हर्षिल, गोरसाली, लाटा, खरसाली, कुपड़ा, कफनौल, हलना, किमडार, करड़ा, लिवाड़ी, फिताड़ी, ओसला, गंगाड़, पावणी सहित कुल 53 गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने से मोरी ब्लॉक के 60, चिन्यालीसौड़ के 48, नौगांव के 35 और पुरोला के 15 गांवों सहित जिले के कुल 208 गांव अभी भी अंधेरे में हैं, जिस कारण इन गांवों में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच तमाम कठिनाइयों के बावजूद सभी संबंधित विभागों के कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु करने के लिए दिन रात जुटे हैं। उधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार देर शाम तक यातायात, बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जबकि अधिक बर्फ वाले इलाकों में शनिवार तक हालात सामान्य हो जाएंगे।