फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस अस्पताल में जगाई जाती है कैंसर पीड़ितों में जीने की आस

Sun, 26 Mar 2017 08:28 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
cancer - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
कैंसर से हारकर मौत का इंतजार कर रहे मरीजों के लिए गंगा प्रेम हॉस्पिस किसी फरिश्ते से कम नहीं है।
विज्ञापन


हॉस्पिस कर्मचारी न केवल अपने आखिरी दिन गिन रहे मरीजों की सेवा और देखरेख करते हैं, बल्कि उनमें जीने का आशा भी जगाते हैं। संस्था ऋषिकेश, देहरादून और हरिद्वार में 70 से अधिक रोगियों की देखभाल कर रही है।

कैंसर को आज भी बेहद खतरनाक बीमारी माना जाता है। समय पर बेहतर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा हो जाता है। एक स्टेज के बाद कैंसर रोगियों पर उपचार कारगर नहीं रह जाता। ऐसे में अस्पताल भी रोगियों को भर्ती नहीं करते।
विज्ञापन


परिजनों को रोगियों को घर पर ले जाकर उनकी सेवा करने की सलाह दी जाती है। लेकिन कैंसर से होने वाली असहनीय पीड़ा और घावों से होने वाला दर्द, मौत के उनके इंतजार को बेहद दुखदायी बना देता है। ऐसे समय में गंगा प्रेम हॉस्पिस जैसी संस्थाएं कैंसर रोगियों के लिए वरदान साबित होती है।
विज्ञापन

घावों की ड्रेसिंग करने के साथ ही अन्य उपचार भी

cancer
संस्था के करीब 15 कर्मचारी रोजाना दून, हरिद्वार और ऋषिकेश में कैंसर रोगियों के घर जाकर उनकी देखरेख और सेवा करते हैं। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर, नर्स और मसाज थैरेपिस्ट शामिल होता है, जो उनकी पीड़ा को कम करने का प्रयास करते हैं। 

कैंसर रोगियों में कई बार बड़े-बड़े घाव भी हो जाते हैं, जिनमें कीड़े तक पड़ जाते हैं। साथ ही उन्हें सामान्य बीमारी भी ज्यादा परेशान करती है। टीम उनके घावों की ड्रेसिंग करने के साथ ही अन्य उपचार भी देती है। खास बात यह है कि यह सभी सेवा रोगियों को घर बैठे मुफ्त में मिलती है।

हॉस्पिस के प्रबंधक दिव्य कटियार ने बताया कि राजीव गांधी कैंसर अस्पताल, दिल्ली के वरिष्ठ कैंसर सर्जन व मेडिकल निदेशक डा. अजय कुमार दीवान ने कैंसर रोगियों की सेवा के लिए 2005 में ऋषिकेश में इसकी स्थापना की। तब से लगातार रोगियों को घर पर सेवा दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि दून में 35, हरिद्वार में 20 और ऋषिकेश में 20 रोगियों की सेवा की जा रही है। हर माह के आखिरी रविवार को डा. दीवान खुद ऋषिकेश पहुंचकर मुफ्त कैंसर की जांच भी करते हैं। पंडितवाड़ी में सेवा का लाभ ले रहे कैंसर रोगी नरेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने जीने की उम्मीद छोड़ दी थी लेकिन हॉस्पिस की सेवा की बदौलत ही वह आज तक जिंदा हैं। 

हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
अगर आपको या आपके किसी परिचित को भी सेवा की आवश्यकता है या अन्य कोई जानकारी चाहते हैं तो हॉस्पिस के टोल फ्री नंबर 9410707108 पर संपर्क कर सकते हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें