फैक्ट्री से लौट रही महिला का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है, उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में बाजार चौकी क्षेत्र निवासी महिला ने कहा कि वह काशीपुर रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह ड्यूटी से घर लौट रही थी। तेल मिल के पास तीन अज्ञात बाइक सवार उसका पीछा करने लगे और रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने पर बाइक सवारों ने जबरन उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया।
उसके बाद उसे जंगल में बने एक कमरे में ले गये। यहां तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुराचार किया और रात में ही एक युवक उसे बदहवास हालत में बाइक से गाबा चौक छोड़ गया। महिला के गाबा चौक पर पड़े होने की सूचना कुछ लोगों ने उसके पति को दी। पति ने बुधवार को पत्नी संग कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी।
महिला के अनुसार दुराचार करने वाले युवकों में से दो ने पगड़ी पहनी थी। मामले में रंपुरा निवासी युवक को पुलिस ने महिला की निशानदेही पर हिरासत में लिया है। कोतवाल केसी भट्ट का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी पड़ताल की जा रही है। दो अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है।