आवास की मांग को लेकर शिफन कोर्ट के लोगों का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। लोगों के धरने को प्रतापनगर विधानसभा के विधायक विक्रम नेगी ने समर्थन दिया। शहर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों ने भी लोगों के धरने और मांग का समर्थन किया।
शिफन कोर्ट की समिति ने विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण कूच का भी एलान किया। विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि शिफन कोर्ट के लोगों की उपेक्षा बरदाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिफन कोर्ट के लोगों को रोपवे के निर्माण के लिए बेघर करने का काम किया। सरकार को बेघर लोगों के लिए आवास की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन गरीब जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिफन कोर्ट के लोगों ने होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है, उनके समर्थन में हम भी होली नहीं मनाएंगे। समिति के संयोजक प्रदीप भंडारी ने कहा कि गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र में शिफन कोर्ट के लोग कूच करेंगे। इस दौरान सरकार से आवास बनाने की मांग की जाएगी।
उपेक्षा के कारण लोग नहीं मना पा रहे होली : प्रदीप
प्रदीप भंडारी ने कहा शासन-प्रशासन की उपेक्षा के कारण शिफन कोर्ट के लोग इस बार होली नहीं मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि समिति ने निर्णय लिया है कि शिफन कोर्ट से मजदूरों को बेघर करने और लगातार उनसे छल करने के विरोध में 9 मार्च को नगर पालिका का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, सभासद दर्शन सिंह रावत, महेश जोशी, संयोजक प्रदीप भंडारी, समिति अध्यक्ष संजय टम्टा, बिल्लू वाल्मीकि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।